फौलाद नगर में श्मशान घाट बनवाने की मांग को लेकर बैठक में बोलते ग्राम प्रधान जाहूल
- फोटो : BAGHPAT
दोघट। फौलादनगर गांव में बुधवार को ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें उन्होंने गांव के श्मशान की चहारदीवारी, बरामदा, मार्ग का निर्माण व पानी की व्यवस्था कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के श्मशान में झाड़ियां उग आई हैं। चहारदीवारी और बरामदा न होने के कारण लोगों को अंतिम संस्कार करने में परेशानी हो रही है। श्मशान का रास्ता भी कच्चा है और हैंडपंप की भी व्यवस्था नहीं है। कई बार श्मशान के रास्ते का निर्माण कराने और सफाई एवं चहारदीवारी कराकर छतरी बनवाकर बरामदे का निर्माण कराने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सबसे अधिक परेशानी बरसात के मौसम में होती है। रास्ता कच्चा होने के कारण बारिश में लोगों को कीचड़ और जलभराव से होकर श्मशान पहुंचना पड़ता है।
ग्राम प्रधान राहुल ने कहा कि इस बारे में उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है, मगर समस्या जस की तस है। बैठक में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग करने का निर्णय किया। इस मौके पर देवेंद्र, सुरेंद्र, यशपाल, अनीश आदि समेत अन्य मौजूद रहे।