- ब्राह्मण समाज के लोगों ने डीएम को राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ब्राह्मण कल्याण आयोग की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने डीएम को राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में आयोग का गठन करने और युवाओं को नौकरियों में आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की।
ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना था कि राजस्थान सहित कई राज्यों में ब्राह्मण कल्याण आयोग का गठन किया जा चुका है और प्रतिवर्ष बजट भी जारी किया जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में आयोग का गठन करने की मांग करते हुए कहा कि इसके गठन से समाज का विकास होगा। इसके अलावा प्रदेश में भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की भी मांग की।
उन्होंने युवाओं को आर्थिक आधार पर आरक्षण और इंजनियरिंग, मेडिकल व प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। खेड़ा परशुराम मंदिर को भगवान परशुरामेश्वर महादेव पुरा कोरिडोर में शामिल करने की मांग की। इन सभी मांगों को लेकर समाज के लोगों ने डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष त्रिभुवन शर्मा, महामंत्री आचार्य राजेश शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री सुधीर कांत शर्मा, राष्ट्रीय युवा संरक्षक अंकित, 84 देशखाप चौधरी सुभाष शर्मा, जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, पंडित राजपाल शर्मा, सतीश कौशिक, अजय सोती, मंगलसैन शर्मा, उमेश शर्मा, रेखा शर्मा, सुरेंद्र पाल, कृष्ण कुमार, कालीचरण आदि मौजूद रहे।