बागपत। नगर पालिका के सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन को दोबारा से भेज दिया। जिस पर जल्द ही मुहर लगने की उम्मीद है। उसके साथ ही दोबारा से नगर पालिका बागपत का दायरा बढ़ जाएगा।
बागपत नगर पालिका में सिसाना, पाली, नयागांव हमीदाबाद को शामिल करते हुए शासन ने 21 सितंबर 2022 को सीमा विस्तार की अधिसूचना जारी की थी। जिसके बाद सीमा विस्तार के विरोध में सभासद सोनू और अहसान के नाम से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई।
इनमें नाम से दायर याचिका में कहा था कि सीमा विस्तार पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए केवल सात दिन का समय दिया, जबकि एक दिन पहले 15 दिन का समय बताया था। इस कारण वह अपनी आपत्ति दर्ज नहीं करा सके।
इस पर ही हाईकोर्ट ने सीमा विस्तार की अधिसूचना को निरस्त कर दिया था। शासन से पिछले सप्ताह दोबारा से नगर पालिका के सीमा विस्तार का प्रस्ताव मांगा गया था। जिसको तैयार कराकर शासन को भेज दिया है।
इस तरह से दोबारा होगी प्रक्रिया
सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन में जाने पर दोबारा से कैबिनेट की मुहर लगेगी और इसको लेकर प्रथम अधिसूचना जारी की जाएगी। जिसमें सीमा विस्तार को लेकर 15 दिन की आपत्ति मांगी जाएगी और उस बीच मिलने वाली आपत्तियों का निस्तारण करके रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। इस तरह अगले महीने तक यह सभी प्रक्रिया पूरी किए जाने की बात कही जा रही है।
कोट...
बागपत नगर पालिका का सीमा विस्तार करने के लिए दोबारा से प्रस्ताव शासन को भेजा है। अब शासन से अधिसूचना जारी करके आपत्ति मांगी जाएगी और उनका निस्तारण करने के बाद अंतिम अधिसूचना जारी होगी। अगले महीने तक सीमा विस्तार होने की उम्मीद है। - प्रतिपाल चौहान, अपर जिलाधिकारी