बागपत। भाजपा के जिला पंचायत सदस्य रविंद्र बली के भतीजे पंकज की गैंगस्टर में पुलिस ने बृहस्पतिवार को 10.76 लाख रुपये की कीमत का मकान कुर्क कर लिया।
बली गांव के फार्मासिस्ट सुरेंद्र हत्याकांड में फरार चल रहे पंकज बली को दिल्ली पुलिस ने 23 अक्तूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद से वह जेल में बंद है। सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र हत्याकांड के आरोपी पंकज बली के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर दी गई थी। जिसमें गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल में बंद पंकज बली के चार साल पहले बनाए गए एक मंजिला मकान की कुर्की की गई।
पंकज बागपत कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी है। जिसके खिलाफ हत्या, लूटपाट, जानलेवा हमला, चोरी समेत विभिन्न धाराओं में 14 मुकदमे बागपत, दिल्ली थानों में दर्ज हैं। पंकज भाजपा के जिला पंचायत सदस्य रविंद्र का भतीजा है। कुर्की की कार्रवाई में एसडीएम पूजा चौधरी, कोतवाली पुलिस व महिला थाना पुलिस शामिल रहे।