खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के ग्राम फखरपुर में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने गांव में जुलूस निकालकर शौर्य के हत्यारोपियों को फांसी की सजा दिलवाए जाने की मांग की।
क्षेत्र के ग्राम फखरपुर निवासी सोहनबीर सिंह के छह वर्षीय मासूम पुत्र शौर्य की हत्या किए जाने से गांव के साथ ही पूरा क्षेत्र गम मेें डूबा हुआ है। हत्यारोपियों के प्रति सभी के मन में नफरत भरी हुई है। सरकार से उन्हें फांसी की सजा दिलवाए जाने की मांग कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे गांव में शौर्य के गमजदा परिजनों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल महिला, पुरुष, स्कूली बच्चे और शौर्य के परिजन हत्यारोपियों को फांसी दो के नारे लिखे पोस्टर लेकर चल रहे थे।
जुलूस गांव में भ्रमण करने के बाद पीड़ित परिवार के घर पर पहुंचा। वहां सभी ने शौर्य को श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों अनिल डागर, सुनील डागर, हरिओम, अनुज कुमार, महेश तेवतिया, विरेंद्र सिंह, प्रवीन कुमार, नरेंद्र सिंह, रणबीर सिंह ने कहा कि शौर्य की हत्या कर रिश्ते के चाचा ने जघन्य अपराध किया है।
इस अपराध के लिए तीनों हत्यारोपियों विनीत, नीरज उर्फ डैनी और अक्षित को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार का ढांढस भी बंधाया। प्रत्येक दशा में उन्हें सहयोग देने का आश्वासन दिया।
रह रहकर याद आ रहा शौर्य
शौर्य की हत्या किए जाने से सभी ग्रामीण गम में डूबे हुए हैं। परिजनों के साथ ही ग्रामीण भी शौर्य को भुला नहीं पा रहे हैं। शौर्य के पिता सोहनबीर सिंह, बाबा जगवीर सिंह का कहते हैं कि उन्हें लगता है कि शौर्य जैसे अभी भी उन्हीं के पास है। वे हर समय शौर्य की याद में डूबे रहते हैं। हत्यारोपियों को उनके साथ ही पूरा गांव कभी माफ नहीं करेगा। परिजनों और ग्रामीणों की आंखों के आंसू नहीं सूख पा रहे हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पीएसी तैनात
शौर्य के लापता होने के बाद से ही गांव फखरपुर छावनी में तब्दील हो गया था। तभी से गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। बृहस्पतिवार को भी गांव में थाना पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान तैनात रहे। पीएसी के जवानों ने समूचे गांव में पैदल गश्त की। पीएसी के जवानों ने भी जुलूस में शामिल होकर बालक शौर्य को श्रद्धांजलि दी।
सिखेड़ा में ग्रामीणों ने निकाला कैंडल मार्च
बागपत। सिखेड़ा के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कैंडल मार्च निकालकर शौर्य को श्रद्धांजलि दी। फखरपुर के शौर्य की निर्मम हत्या पर ग्रामीणों ने शोक जताया। ग्रामीणों ने शोक सभा कर बच्चे की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शाम को ग्रामीणों ने गांव में उसकी आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से हत्यारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और उन्हें चौराहे पर फांसी देने की मांग की। संवाद