बड़ौत। जिवाना गांव की मां शेरावाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मंगलवार को ब्लाक मुख्यालय में प्रदर्शन किया। बताया कि कुछ दिन पूर्व महिलाओं ने सर्वसम्मति से समूह की अध्यक्ष कांति को गांव स्थित शौचालय के लिए केयर टेकर बनाया था। इसका प्रस्ताव बीडीओ व एडीओ आईएसबी को भेज दिया था। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव ने मनमाने ढंग से अपने पक्ष की महिला को शौचालय की केयर टेकर बना दिया। उन्होंने डीएम सहित अन्य विभागीय अधिकारियों से इस प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में सीमा, नीरज, रचना, सरिता, पूनम, कविता, सुनीता आदि शामिल रहीं। उधर, बीडीओ ज्योति बाला का कहना है कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।