बागपत। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र निर्धारण के लिए जिला स्तर पर विद्यालयों का ब्योरा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। जिले में दसवीं और 12वीं की परीक्षा के लिए 31 हजार 669 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए जिला स्तर पर विद्यालयों का भौतिक सत्यापन पूर्ण होने पर डाटा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। परिषद ने विभाग को 25 नवंबर तक डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए है।
डाटा अपडेट होने पर परिषद की ओर से केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन किया जाएगा। जिले में बोर्ड परीक्षा में 45 परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं। जिला स्तर पर भी 45 परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का प्रस्ताव तैयार करने की तैयारी की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षण रवींद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण परिषद की ओर से ऑनलाइन किया जाएगा, इसके लिए परिषद की वेबसाइट पर विद्यालयों के सत्यापन की ब्योरा अपलोड किया जा रहा है। जिले में इस बार 31 हजार 699 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं, जो बोर्ड परीक्षा 2021-22 से एक हजार 552 अधिक हैं। जिससे जिले में लगभग 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित होने की संभावना जताई जा रही है।
-----
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का ब्योरा
परीक्षा संस्थागत व्यक्तिगत
बालक बालिका बालक बालिका
हाईस्कूल 9317 6615 117 37
इंटर 8794 5676 732 381
---------------------------------------
कुल 18111 12291 849 418
------