बागपत। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने वाली शुगर मिलों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अपर गन्ना आयुक्त ने सोमवार को जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए।
अपर गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा ने सोमवार को मंडल के सभी गन्ना अधिकारियों के साथ वीडियो क्रांफ्रेंसिंग की। उन्होंने कार्यालय में आने वाले किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने की हिदायत दी। उन्होंने किसानों की गाटा और बांड के अनुसार समय से पर्ची जारी कर गन्ने की पेराई के निर्देश दिए। उन्होंने चीनी मिलों पर किसानों के बकाए का भुगतान कराने के लिए दबाव बनाने और बकाया का भुगतान न करने वाली मिलों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जो मिलें समय से किसानों के बकाए का भुगतान नहीं कर रही हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलों की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार भारती को जल्द से जल्द किसानों के बकाए का भुगतान कराने के लिए मिल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। पांच मिलों ने किसानों के बकाए का भुगतान कर दिया है, जबकि नौ मिलों पर 540 करोड़ रुपये बकाया हैं।
पांच मिलों ने किया भुगतान
बागपत के किसान बागपत की तीन मिलों के अतिरिक्त मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ जिले की 12 मिलों में गन्ने की सप्लाई करते हैं। इनमें से बागपत, दौराला, नंगलामल, तिवाती और खतौली चीनी मिल पिछले पेराई सत्र का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है, जबकि सात मिलों पर अभी 540 करोड़ रुपये बकाया हैं।
किस मिल पर कितना बकाया
मिल का नाम बकाया (करोड़ में)
मलकपुर 300
रमाला 37
ब्रजनाथ 71
किनौनी 81
भैसाना 30
ऊन 09
मोदीनगर 12
------------------------------------
कुल 540
वर्जन- बार-बार निर्देश के बावजूद चीनी मिले किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही हैं। मिलों द्वारा जल्द बकाया भुगतान न करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। - डॉ अनिल कुमार भारती, जिला गन्ना अधिकारी