बिनौली। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई 31 वीं नौकायन नेशनल चैंपियनशिप में रंछाड गांव के प्रशांत तोमर ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीते है। प्रशांत तोमर पुत्र संजीव तोमर जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बीपीई के द्वितीय वर्ष का छात्र है। प्रशांत ने रुड़की के वाटर स्पोर्ट्स क्लब की ओर से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में 24 से 27 अक्टूबर तक चली 31 वीं नौकायन नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर 200 और 500 मीटर स्पर्धा में दो रजत पदक जीतकर अपने गांव और जनपद का गौरव बढ़ाया है। प्रशांत के पदक जीतने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्राम प्रधान अंतुरत चौधरी ने कहा कि गांव में आने पर पदक विजेता प्रशांत का भव्य स्वागत किया जाएगा। खुशी व्यक्त करने वालों में जवाहर सिंह, सुखबीर सिंह, यशवीर, मनोज कुमार, डॉ. वीरेंद्र सिंह, श्रीनिवास, सतेंद्र, राजीव कुमार, यशकुमार, बॉबी आदि शामिल है।