कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रज्ञा ठाकुर का पुतला जलाया
बिनौली। बिनौली बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के विवादित बयान को लेकर विरोध जताते हुए उनके पुतले को आग के हवाले किया। कांग्रेस के बागपत लोकसभा अध्यक्ष ठाकुर शैलेंद्र प्रधान के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता बस स्टैंड बिनौली पर एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर विवादित बयान देने वाली भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में बड़ौत मेरठ मार्ग पर उनके पुतले को आग के हवाले किया। ठाकुर शैलेंद्र ने कहा कि महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त कहना घोर निंदनीय है। प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए और उनकी लोकसभा की सदस्यता भी समाप्त होनी चाहिए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष माजिद खान, राजीव शर्मा, संदीप गुर्जर, नाजिम दरकावदा, खलील अहमद, डॉ. केपी सिंह, सुभाष ठाकुर, धीरज सिंह, अनिल, तालिम, शाहरुख खान, प्रदीर्प आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।