बागपत। लधवाड़ी गांव में एक साल पहले हुए झगड़े में एसपी कार्यालय पर लोगों के हंगामे के बाद पुलिस ने लधवाड़ी गांव के प्रधान के पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रधान के पति की तबीयत खराब हो गई थी, इसलिए उसको थाने से जमानत दे दी गई।
लधवाड़ी गांव की एक महिला ने 13 महीने पहले प्रधान के पति मोनू समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें शनिवार को पीड़ित पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर हंगामा करते हुए और मोनू की गिरफ्तारी की मांग की गई। जिसके बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया।
उधर प्रधान के पति को गिरफ्तार करने पर प्रधान संगठन भी एसपी कार्यालय पहुंचा। उसके बाद पुलिस ने उसको मेडिकल के लिए भेजा, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी प्रधान के पति को मेडिकल के लिए भेजा गया। जहां उसकी तबीयत बिगड़ने के कारण मुकदमा जमानती धाराओं में होने के कारण उसे थाने से जमानत दी गई।