बड़ौत। रहतना गांव के सामुदायिक शौचालय पर तैैनात केयर टेक के पक्ष में शनिवार को महिलाएं तहसील पहुंची और ग्राम प्रधान पति व ग्राम सचिव पर आधा मानदेय न देने पर हटाने की धमकी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देते हुए जल्द कार्रवाई न होने पर तहसील मुख्यालय पर धरने की चेतावनी दी।
शनिवार को रहतना गांव के सामुदायिक शौचालय पर तैनात केयर टेकर बबिता पत्नी बिजेन्द्र के पक्ष में आईं महिलाओं ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पति रामफूल व ग्राम सचिव राकेश पिछले छह माह से मिलने वाले मानदेय से आधी रकम मांग रहे हैं, मना करने पर दोनों परेशान कर रहे हैं। बबिता ने बताया कि हाल में दोनों ने धमकी दी है कि इस बार मिलने वाले मानदेय से आधी धनराशि नहीं दी तो केयर टेकर के पद से हटा दिया जाएगा। शिकायत के बावजूद बिनौली बीडीओ व अन्य अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। एसडीएम सुभाष सिंह ने बीडीओ बिनौली से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन व मांग करने वाली महिलाओं में सुनीता, रेखा, सुमन, उमा, प्रीति, दिव्या, भारती, संगीता शामिल रही।
इस मामले में ग्राम प्रधान के पति रामफूल व ग्राम सचिव राकेश ने बताया कि आरोप लगाने वाली केयर टेकर ड्यूटी में लापरवाह है और अपनी जिम्मेदारी भी सही ढंग से नहीं निभा रही है। दो बार नोटिस भी दिए जा चुुके हैं, अब वह झूठे आरोप लगा रही है।