बागपत। बोर्ड परीक्षा का समय नजदीक आ गया है। विशेषज्ञ छात्राओं को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए मॉडल पेपर और नोट्स का नियमित अभ्यास करने की सलाह दे रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पेपर में प्रश्न को ध्यान से पढ़कर सीमित शब्दों में उत्तर देना चाहिए। परीक्षा तैयारी करते समय प्रश्नों को लिखकर जरूर देखें, इससे पढ़ाई के साथ लिखने का भी अभ्यास होगा।
15 फरवरी से सीबीएसई और 16 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरु हो रही है। परीक्षा में अब पांच दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में छात्रों का परीक्षा को लेकर तनावग्रस्त होना स्वाभाविक है। वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा के समय किसी भी प्रकार का तनाव तैयारी को प्रभावित कर सकता है।
विशेषज्ञ छात्रों को मॉडल पेपर और नोट्स के आधार पर परीक्षा की तैयारी करने की सलाह दे रहे हैं। सेट एंजेल्स पब्लिक स्कूल के विज्ञान के शिक्षक अरुण दीक्षित का कहना है कि बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है।
परीक्षा की तैयारी करते समय प्रश्नों को लिखकर याद करने से याद करने में आसानी रहती है और पढ़ाई के साथ-साथ लेखन का अभ्यास भी होता रहता है। कठिन प्रश्नों को याद करने के लिए उनका बार-बार अध्ययन करें। परीक्षा में प्रश्नों का उत्तर सीमित और तथ्यपूर्ण शब्दों में देने से अच्छे अंक मिलते हैं।