बागपत। ट्रांसफार्मर फुंकने से सरकारी कार्यालयों की बत्ती गुल हो गई। उमस भरी गर्मी से कर्मचारियों का बुरा हाल रहा। कर्मचारियों को फोन की लाइट जलाकर काम करना पड़ा। ऊर्जा निगम अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर बाद आपूर्ति शुरू कराई।
बीएसए कार्यालय के पास ट्रांसफार्मर से बीएसए कार्यालय के अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, जिला क्रीड़ा विभाग, विकास भवन और कलक्ट्रेट काॅलोनी में बिजली आपूर्ति की जा रही है। सोमवार दोपहर ढाई बजे ट्रांसफार्मर फुंकने से कार्यालयों की बिजली गुल हो गई थी। सूचना पर पहुंचे ऊर्जा निगम के कर्मचारी देर शाम तक ट्रांसफार्मर ठीक करने में लगे रहे, मगर ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हुआ। मंगलवार को कार्यालयों के इन्वर्टर भी ठप हो गए। गर्मी के कारण कर्मचारियों का बुरा हाल हो गया, पेयजल के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली न आने के कारण कर्मचारी कार्यालयों में फोन की लाइट जलाकर कार्य करते नजर आए। सर्व शिक्षा अभियान के सहायक वित्त लेखाधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने के कारण दो दिन से कार्यालय की बिजली गुल है। बिना बिजली के विभागीय कार्य नही हो पा रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर बाद आपूर्ति शुरू कराई।
ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण समस्या हो गई थी। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था करके बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है। वहां जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा। - अमर सिंह, एक्सईएन ऊर्जा निगम