रटौल। सरफाबाद गांव में रास्ते में जलभराव होने से गड्ढ़े बन गए हैं। लोगों का रास्ते से निकलना मुश्किल है। गांव के 60 परिवार के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला पानी मार्ग पर भरा रहता है। जलभराव के कारण रास्ते में गड्ढ़े बन गए हैं। गड्ढ़ो के कारण लोगों का रास्ते से निकलना मुश्किल हो रहा है। मार्ग के गड्ढ़ो में आए दिन बुग्गी फंसी रहती है और यहां से गुजरने वाले लोग चोटिल हो रहे हैं। कई बार अधिकारियों से भी समस्या का समाधान कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
-जलभराव के कारण रास्ते में बड़े-बड़े गड्ढ़े बन गए हैं। जिससे आए दिन यहां से गुजरने वाले लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी महिला और बच्चों को हो रही है। -शकुंतला
-मोहल्ले में सफाई कर्मी नहीं आता है, जिससे लोगों को खुद ही रास्ते की सफाई करनी पड़ती है। मार्ग में गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। -जोगिंदर
-रास्ते पर जलभराव और गंदगी के कारण मोहल्ले में मच्छर पनप रहे हैं। गंदगी के कारण लोगों को संक्रमण का डर सता रहा है। समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए। -प्रवीण कुमार
वर्जन - रास्ते का निर्माण कराने के लिए बजट की कमी है। इस बारे में अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है, समस्या का जल्द समधान कराया जाएगा। -कोमल गुर्जर, ग्राम प्रधान