बागपत। शासन की सूची में शामिल छह माफियाओं को कोर्ट में सजा दिलाने के लिए पुलिस कड़ी पैरवी करेगी। इसके लिए शासन से सख्त निर्देश दिए गए है। जिसपर एसपी ने पैरोकारों को गवाहों की सूची लेकर उनको कोर्ट तारीख की पहले ही सूचना देने और सुरक्षा दिलाने की व्यवस्था कराने के आदेश दिए है।
शासन की माफियाओं की सूची में कुख्यात सुनीत राठी, धर्मेंद्र किरठल, अमरपाल लुहारा, अनुज बरखा, भू-माफिया यशपाल तोमर बरवाला, विक्रांत उर्फ विक्की सुन्हैंडा शामिल है। इन सभी पर काफी मुकदमें दर्ज है, जिनकी सुनवाई न्यायालय में चल रही है। इन सभी के मुकदमों पर विशेष ध्यान रखकर सभी गवाहों की गवाही कराने के निर्देश शासन से दिए गए है। जिसपर एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने जिला शासकीय अधिवक्ताओं और पैरोकारों को पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि न्यायालय में इन माफियाओं की जब भी तारीख हो तो उसकी सूचना समय से पैरोकारों को उपलब्ध करा दी जाए। जिससे वह उस बारे में गवाहों को अवगत करा सके और उनको न्यायालय में सुरक्षा में लाया जा सके। जिससे माफिया को सजा दिलवाई जा सके।