ट्रेनों में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में रहेगी पुलिस
बड़ौत (बागपत)। कावंड़ यात्रा को लेकर जीआरपी और रेलवे पुलिस अलर्ट हो गई है। शिव भक्तों की सुरक्षा को लेकर जहां लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, मुरादाबाद आदि जगहों से फोर्स को बुलाया गया है, वहीं ट्रेनों में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
कांवड़ यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन सख्त है और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारी जुटे हुए हैं। वहीं दिल्ली-सहारनपुर रेलवे रूट पर भी हर साल हजारों की संख्या में शिवभक्त कांवडियां हरिद्वार जल व कांवड़ लेने के लिए जाते हैं, इसको लेकर भी जीआरपी और रेलवे पुलिस अलर्ट है। ट्रेनों के अलावा रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। संदिग्ध लोगों के बैग की चेकिंग की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल के चलते पिछले दो साल से कांवड़ यात्रा को शासन द्वारा स्थगित किया गया था, लेकिन अब देशभर में कोरोना की स्थिति सामान्य है तो कावंड़ यात्रा में भारी भीड़ होने की संभावना है।
रेलवे पुलिस अलर्ट है
जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कांत सत्यार्थी ने बताया कि लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, मुरादाबाद से काफी पुलिस फोर्स मंगवाया गया है। इसके अलावा शामली, लोनी, सहारनपुर में तैनात जीआरपी व रेलवे पुलिस कर्मी भी अलर्ट है। बताया कि ट्रेनों में अप्रिय घटना को लेकर सादी वर्दी में पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं, जो जरा सी हरकत पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार हैं।