बड़ौत। भगवानपुर नांगल गांव के शुभम हत्याकांड की विवेचना पुलिस दोबारा से करेगी। इसके बाद ही पता चलेगा कि कौन-कौन हत्याकांड में शामिल रहे हैं और कौन-कौन नहीं। हालांकि पुलिस हत्याकांड में नौ आरोपियों को जेल भेज चुकी है। फिलहाल एक आरोपी के परिजनों की मांग पर एसपी के निर्देश से यह कार्रवाई शुरू हुई है।
भगवानपुर नांगल गांव में 26 जुलाई वर्ष 2022 की रात शुभम, अजेंद्र व विनोद डाक कांवड़ देखकर लौट रहे थे। रास्ते में शुभम पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। शुभम के बड़े भाई अजेंद्र ने गांव के ही अंकित, निकित, अनुज, प्रदीप, कल्याण, विकास उर्फ रूड़ा, नेत्रपाल व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद दोघट पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दियाा था।
एक आरोपी के परिजनों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर घटना की विवेचना दोबारा कराने की मांग की थी। यह भी आरोप लगाया था कि घटना में फर्जी नामजदगी भी कराई गई थी, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर अब इस घटना की दोबारा विवेचना हाेगी।। देखना यह है कि दोबारा होने वाली विवेचना में फर्जी नामजदगी पाई जाती है या नहीं। - सविरत्न गौतम सीओ बड़ौत