बागपत। जिले में पिछले कुछ दिनों से अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस उनको रोकने में लाचार दिख रही है। चोरी की घटनाएं सबसे ज्यादा हो रहीं हैं तो जानलेवा हमला व हत्या भी हुई। पुलिस के सामने बवाल भी हुआ तो पुलिस पर फायर करके बदमाश भी भाग गए। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर खूब सवाल भी उठ रहे हैं।
इस तरह की आपराधिक घटनाएं बढ़ रही
- सांकरौद गांव में 30 जनवरी को राजमिस्त्री साबुद्दीन की गला दबाकर व चाकू मारकर हत्या की गई
- बामनौली गांव में 28 जनवरी को ऋतिक निवासी रठौड़ा के पेट में चाकू मार दिया गया
- रंछाड़ में 25 जनवरी को अधेड़ वीरेंद्र की पिटाई के बाद मौत हो गई
- लुहारी गांव में छह जनवरी को यूपी पुलिस के सिपाही के पिता हरपाल की गला दबाकर हत्या का प्रयास
- गांगनौली गांव में पांच जनवरी की रात पंकज उर्फ गोटा की गला रेतकर हत्या कर दी गई
- बड़ौत-कोताना मार्ग पर एक जनवरी को कोताना के अरुण, उसके दोस्त दीपक के साथ लूट
- चोरियां लगातार हो रही, पुलिस मुस्तैदी के दावे कर रही
- जनवरी में चमरावल, ढिकोली, कहरका, हरसिया, रटौल समेत अन्य कई गांवों में करीब 50 किसानों के नलकूपों का ताला तोड़कर लाखों के उपकरण चोरी
- खट्टा प्रह्लादपुर में 31 जनवरी को सुमित के घर का ताला तोड़कर नकदी व सामान चोरी
- कोताना गांव में 25 दिसंबर को जीटीएल कंपनी टावर समेत 55 लाख रुपए का सामान चोरी
- बड़ौत में दिल्ली रोड स्थित नमन विवाह मंडप से 24 जनवरी को पट्टी मेहर निवासी एडवोकेट रवि जैन के सात लाख रुपये चोरी
- बड़ौत में 18 जनवरी को अर्जुनपुरम कॉलोनी में टीकरी निवासी राजीव राठी व रेलवे रोड स्थित दुकानदार मनोज, विनोद, सागर व पारस की दुकान में चोरी का प्रयास।
- बड़ौत में पांच जनवरी को अर्पित जैन की रिम-धुरा फैक्ट्री में लाखों की चोरी
- बाघू गांव में प्रधान के चचिया ससुर के घर पांच लाख रुपये व जेवर की चोरी
- लहचोड़ा के संविलियन विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी की गई
पुलिस पर फायरिंग करके कई बार भागा बदमाश
फैजपुर निनाना गांव का 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश सूरज पुलिस पर भारी पड़ रहा है। उसको पकड़ने के लिए एसपी ने क्राइम ब्रांच की टीम व थाना पुलिस को लगाया हुआ है। लेकिन वह खुलेआम घूमता है और पुलिस पर फायरिंग करके भाग जाता है। क्राइम ब्रांच भी पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।
पुलिस ने तमंचा फैक्टरी पकड़ी तो बाइक चोर गिरोह भी पकड़ा
जहां लगातार अपराध हो रहे हैं, वहीं कई गिरोह भी पुलिस ने पकड़े हैं। 18 जनवरी को बिजरौल गांव के जंगल में पुलिस ने तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी। बागपत पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह पकड़ा तो खेकड़ा पुलिस ने राइफलों की सप्लाई करने वाले तस्कर पकड़े थे।
अगर कोई आपराधिक घटना होती है तो उसका जल्द से जल्द खुलासा कर दिया जाता है। चोरी की घटनाएं भी चोरों को पकड़कर खोली जा रही हैं। पुलिस ने कई अच्छे कार्य करते हुए बाइक चोर, हथियार तस्कर गिरोह समेत तमंचा फैक्टरी चलाने वालों को पकड़ा है। - एनपी सिंह, एएसपी