खेकड़ा (बागपत)। जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज के चल रहे रासेयो शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। शुभारंभ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित ने फीता काटकर किया। इसके बाद स्वयं सेविकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। छात्रा रिद्धिमा व उसकी साथियों के एसिड अटैक पर आधारित लघुनाटिका की सभी ने जमकर सराहना की। इनके अलावा स्वयं सेविकाओं ने कन्या भ्रूण हत्या, महिला सशक्तिकरण पर भी नाटिकाओं का मंचन किया। शिविर में बेहतर कार्य करने वाली स्वयं सेविकाओं को समिति अध्यक्ष नरेश कुमार जैन, प्रबंधक राहुल जैन व कोषाध्यक्ष अंकुश जैन ने मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता राठौर मौजूद रही। उधर, महामना मालवीय डिग्री कॉलेज के रासेयो शिविर में स्वयं सेवक, सेविकाओं ने बड़ागांव में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर सभी को मतदान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. जगदीश कुमार, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह एवं रासेयो छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।