खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम डूंडाहेड़ा में प्लास्टिक गलाने वाली कई फैक्टरियां प्रदूषण फैला रही हैं। इससे ग्रामीण खासे परेशान बने हुए हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने फैक्टरी को सीज कर दिया।
क्षेत्र के ग्राम डूंडाहेड़ा में प्लास्टिक गलाकर दाना बनाने वाली करीब छह फैक्टरी है। प्लास्टिक को गलाकर दाना बनाते समय फैक्टरियों से बदबूदार प्रदूषित धुआं निकलता है। जिस कारण ग्राम सुभानपुर और डूंडाहेड़ा गांव का वातावरण दूषित बना हुआ है। फैक्टरियों के इस जहरीले धुएं के कारण ग्रामीणों का सांस लेना भी दूभर हो गया है। एक सप्ताह पूर्व ग्राम डूंडाहेड़ा के ग्रामीणों ने खेकड़ा तहसील में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम को शिकायती पत्र देकर जहरीला धुआं उगल रही इन फैक्टरियों को बंद कराने की मांग की थी।
प्रशासन ने प्रदूषण विभाग से धुआं उगी रही इन फैक्टरियों की जांच कराई। जांच में ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई। शनिवार को एसडीएम अपूर्वा यादव और सीओ विजय चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जहरीला धुआं उगी दाना बनाने वाली एक फैक्टरी को सील कर दिया।
फैक्टरी संचालक को दोबारा फैक्टरी चलाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीएम ने बताया कि जांच कराने पर फैक्टरी में खामियां मिली हैं। इस कारण फैक्टरी को सील किया है। क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरियों को नहीं चलने दिया जाएगा।