बड़ौत। छछरपुर गांव निवासी सोनू कश्यप पुत्र दरयाव पक्ष के लोगों ने शनिवार को सीओ कार्यालय प्रदर्शन किया। बताया कि सोनू किराये पर ट्रैक्टर-ट्राली व भैंसा-बुग्गी चलाता है। एक सप्ताह पूर्व वह मलकपुर चीनी मिल में एक किसान का गन्ना तौलने जा रहा था तो छछरपुर गांव के कुछ लोगों के साथ कहासुनी हो गई थी। 23 मई में आरोपी पक्ष के लोगों ने घर पर हमलाकर सोनू सहित परिवार के कई लोगों को घायल कर दिया था। इस मामले में 24 मई को बड़ौत कोतवाली में तहरीर भी दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे है। सीओ आलोक सिंह ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, पीड़ितों ने जल्द से जल्द कार्रवाई न होने पर गांव से पलायन की चेतावनी दी है। मांग करने वालों में रामकुमार, कल्लू, धर्मेंद्र, संजीव आदि शामिल रहे।