बड़ौत। विद्युत वितरण खंड प्रथम कोताना रोड से जुड़ी पांच से अधिक काॅलोनी में रहने वाली 10 हजार की आबादी को जल्द ही बिजली संकट से मुक्ति मिलने वाली है। बुधवार को ऊर्जा निगम मेरठ वर्कशाप से एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे जेई और एई ने वहां पर रखे पांच एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 10 एमवीए ट्रांसफार्मर को स्थापित करने की तैयारियों को लेकर जायजा लिया। जल्द ही वहां पर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर लोगों को बिना अघोषित कटौती के नियमित रूप से बिजली आपूर्ति की जाएगी।
आपको बता दें कि एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर स्थित बिजलीघर से बिजरौल रोड स्थित शाहमल एंक्लेव काॅलोनी, शताब्दी नगर काॅलोनी, मधुबन कालोनी, रामबाग काॅलोनी, पटेल नगर काॅलोनी में बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन पिछले डेढ़ साल से ओवरलोड के चलते इन काॅलोनियों में बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई थी, इसको लेकर लगातार उपभोक्ता निगम के अफसरों से शिकायत कर रहे थे।
बुधवार को मेरठ वर्कशाप से सहायक अभियंता दिनकर और अवर अभियंता विश्वनाथ गुप्ता एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे और यहां पर रखे पांच एमवीए ट्रांसफार्मर की स्थिति का जायजा लिया तो वह ओवरलोड पाया। फिलहाल पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर के स्थान पर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखने की तैयारियों शुरू कर दी गई है। सहायक अभियंता दिनकर ने बताया कि जल्द ही तकरीबन 50 लाख रुपयों की लागत से 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर यहां पर स्थापित किया जाएगा। ताकि इससे जुड़ी काॅलोनियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सके।