बड़ौत में रेणुका हॉबी क्लासेस पर नव वर्ष आयोजित पार्टी में केक काटती महिलाएं
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। नववर्ष 2023 के स्वागत की तैयारियों में जुटे लोगों ने रात के 12 बजते ही एक-दूसरे को गले लगाकर नववर्ष की बधाई दी। रविवार सुबह से भी बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ जो पूरे दिन चलता रहा। लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये भी नववर्ष की बधाई एक दूसरे को बधाई दी।
नए साल के आगमन को लेकर इस बार लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर के होटलों में रात आठ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, लेकिन लोग समय से पहले ही होटलों में पहुंचने लगे थे। परिवार के साथ होटलों में पहुंचे लोग जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ लोग झूमने लगे।
फिल्मी गानों की धुन पर देर रात तक लोग झूमते रहे। जैसे ही रात के 12 बजे हैप्पी न्यू ईयर की आवाज से पूरा जनपद गूंज उठा। इसके अलावा मोबाइल के जरिये भी अपनों को बधाई देते हुए देखे गए। जैसे ही नए साल का आगाज हुआ लोगों ने जमकर पटाखे फोड़ कर नए साल का स्वागत किया। पूरी रात मोबाइल पर शुभकामना संदेश आते रहे।
पुलिस प्रशासन भी रहा अलर्ट
बड़ौत। वहीं नए साल के जश्न में किसी प्रकार का विघ्न न पड़े इस बात को लेकर पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद नजर आया। शाम से ही पुलिस ने जगह-जगह बैरियर लगाकर लोगों की जांच करना शुरू कर दिया। सबसे ज्यादा पुलिस की निगाह युवाओं पर जमी हुई थी। एसपी नीरज कुमार जादौन स्वयं जनपद में सघन चेकिंग और मुआयने पर रहे। शराब के ठेकों पर जाकर जांच की गई। होटल, रेस्तरां में चल रहे जश्न को देखा और कड़े निर्देश दिए कि नए साल के जश्न की आड़ में किसी ने गड़बड़ की तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।