बागपत। बोर्ड परीक्षा में हिंदी और संस्कृत की तैयारी करते समय हलंत और विसर्ग पर ध्यान देना अनिवार्य है। हिंदी में अनुवाद करने के लिए क्रिया और वचन की पहचान रखना भी जरूरी है। कविता और श्लोक को लिख-लिखकर याद करने से परीक्षा की तैयारी करने में आसनी रहेगी।
बोर्ड परीक्षा का समय नजदीक आ गया है। अब परीक्षा की तैयारी के लिए एक सप्ताह ही शेष है। छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने की चिंता सता रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा की तैयारी करते समय तनाव के बजाए एकाग्रता के साथ तैयारी करें, इससे परीक्षा में अच्छे अंक मिलेंगे। दिंगबर जैन इंटर कॉलेज में हिंदी के प्रवक्ता अजयराज शर्मा का कहना है कि हिंदी व संस्कृत की परीक्षा की तैयारी करते समय अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
हिंदी की तैयारी करते समय पद्य और गद्य के अलावा कविता और लेखक के बारे में तैयारी करना जरूरी है। हिंदी और संस्कृत की परीक्षा की तैयारी करते समय व्याकरण की भी ध्यान रखे। श्लोक का नियमित अध्ययन करें और अनुवाद करते समय क्रिया और वचन पर विशेष ध्यान रखें। हिंदी में चरित्र चित्रण, अनुवाद, संधि, समास की अच्छी प्रकार से अध्ययन करने से परीक्षा में अच्छे अंक मिलेंगे। छात्र पुराने प्रश्न पत्र और मॉडल पेपर से परीक्षा की तैयारी करने में आसानी रहेगी।