गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
बागपत। गांवों में चल रहे स्वास्थ्य उपकेंद्रों में चिकित्सा सेवाएं और बेहतर होंगी। उप स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार कराने के लिए आने वाले गंभीर मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी कराई जाएगी। केंद्रों पर तैनात सीएचओ मरीजों के साथ-साथ केंद्र का अन्य रिकार्ड भी ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इसके लिए सीएचओ को प्रशिक्षण देकर लैपटॉप उपलब्ध कराए गए है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने और लोगों को गांव में ही उपचार की व्यवस्था कराने के लिए उपस्वास्थ्य केंद्रों पर सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) नियुक्त किए गए है। जिले में 200 उप स्वास्थ्य केंद्र है, इनमें से 120 केंद्रों पर सीएचओ और अन्य पर एएनएम लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रही है। अब लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक किया जा रहा है। उप स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार के लिए आने वाले मरीजों का डाटा ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। मरीजों की ओपीडी भी ऑनलाइन कराई जाएगी। चिकित्सक के परामर्श के बाद सीएचओ मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराएंगे। मरीजों का पूरा ब्योरा रखने के लिए शासन स्तर से सीएचओ को लैपटॉप उपलब्ध कराए जा रहे है। फिलहाल 98 लैपटॉप उपलब्ध कराए जा चुके है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचओ को मरीज की ऑनलाइन ओपीडी कराने व उनका ब्योरा दर्ज करने क लिए प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। जिला कम्यूनिटी कार्यक्रम प्रबंधक नौशाद ने बताया कि शासन स्तर से 25 नए सीएचओ की नियुक्ति की गई है। अब जिले के 120 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर सीएचओ तैनात है। शासन स्तर से मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी व अन्य सेवाओं का रिकार्ड ऑनलाइन कराने के लिए सीएचओ को प्रशिक्षण देकर लैपटॉप उपलब्ध कराए गए है।
उपस्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी की सुविधा मिलेगी। केंद्रों पर मरीजों का रिकार्ड व अन्य सेवाएं भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से सीएचओ को लैपटॉप उपलब्ध कराए गए है। - डॉ प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी।