संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। बड़ागांव के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत है। किसान एकत्र होकर लाठी डंडे लेकर खेतों में कार्य करने के लिए जा रहे है। किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है।
बडागांव के प्रधान दिनेश त्यागी के खेत में शनिवार सुबह तस्लीम, याकूब, मईनु, शोएब आदि मजदूर काम कर रहे थे। तभी उन्होंने पास के गन्ने के खेत से तेंदुए को जाते देखा। मजदूर वहां से भागकर नलकूप के कमरे में घुस गए। फोन कर ग्राम प्रधान दिनेश कुमार को सूचना दी। प्रधान ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर टीम को जंगल में बुलवा लिया। टीम ने जंगल में तेंदुए की तलाश की। लेकिन तेंदुआ नही मिला। टीम ने ग्रामीणों से इकट्ठा होकर डंडे लेकर खेतों में जाने को कहा। तेंदुए की दस्तक के चलते त्रिलोक तीर्थ धाम जैन मंदिर के प्रबंधक त्रिलोक चंद जैन ने जिलाधिकारी से मंदिर में आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की व्यवस्था कराने की मांग की है।