बड़ौत। वाजिदुपर गांव में बृहस्पतिवार को विद्युत निगम के खिलाफ पंचायत हुई। जिसमें विद्युत निगम द्वारा छापा मारने का विरोध किया। चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
वक्ताओं ने कहा कि गांव में पिछले एक सप्ताह से बिना सूचना दिए विद्युत निगम के कर्मचारी ताबड़तोड़ छापे मार रहे हैं। लोगों पर बिजली चोरी सहित बकाया के झूठे मुकदमे दर्ज करा रहा हैं।
सुभाषचंद कश्यप ने कहा कि जब अंबानी व अडानी का बिजली का बिल माफ हो सकता है, तो गरीब का मात्र दस से पंद्रह हजार बिल क्यों माफ नहीं हो सकते। चुनाव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 300 यूनिट बिजली फ्री देने का वादा किया था, लेकिन वादा तो दूर उल्टा सरकार के इशारों पर विद्युत निगम लोगों के घरों में छामा मारकर उनका मानसिक व आर्थिक शोषण करने पर तुला है।
पंचायत में विद्युत निगम और प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया कि यदि छापे मारने की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। अध्यक्षता ब्रह्मपाल कश्यप ने और संचालन संजीव तोमर ने किया। मौके पर रूबी कश्यप, नैन सिंह कश्यप, श्यामो, रज्जो, मुन्नी, महक सिंह, ओमपाल, सतेंद्र शामिल रहे।