केस नंबर - एक
बड़ौत में आजाद नगर कॉलोनी की रहने वाली महिला ने बताया कि शादी को दस साल हो चुके हैं, लेकिन आज तक बच्चा नहीं है। शुरुआती दौर में पति ने जल्दी बच्चा न करने की बात कही। जिसके बाद एक सहेली ने दवाई बताई और दो-तीन बार सेवन करने से बाद में समस्या पैदा हो गई। अब उनका उपचार दिल्ली के एम्स में चल रहा है।
केस नंबर - दो
बड़ौत में सिनौली गांव की महिला ने बताया कि शादी को 12 साल बीत चुके हैं, लेकिन बच्चा नहीं है। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच जल्दी बच्चा पैदा न करने पर सहमति बनी। उसके बाद से आज तक पूनम की गोद सुनी है। उन्होंने बिना चिकित्सक की सलाह के दवा खाई थी। कई बार गर्भ भी ठहरा, लेकिन फिर कोई दिक्कतें उत्पन्न हो जाती हैं।
ग्रामीण महिलाओं की संख्या अधिक
जिला महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजू बाला ने बताया कि जिला अस्पताल सहित सीएचसी व पीएचसी पर आने वाली 95 फीसदी महिलाएं बिना चिकित्सक के परामर्श के गर्भपात की दवाएं खा लेती हैं और बताती हैं कि अब हमें समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। गलत ढंग से दवाइयों के सेवन से पांच प्रतिशत में बांझपन तक की समस्या देखने में आ रही है। अत्यधिक रक्तस्राव, एक से डेढ़ महीने तक रक्तस्राव, शत प्रतिशत भ्रूण बाहर न आना, लंबे समय तक रक्तस्राव से संक्रमण की परेशानी भी सामने आ रही है। गर्भाश्य में संक्रमण तो हुआ ही है, खून की कमी भी हो गई। रक्तचाप और हृदयगति भी प्रभावित हुई है। इनमें निम्न यानी ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की संख्या अधिक है।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: मां ने शराब के लिए नहीं दिए पैसे, बेटे ने सिर में डंडा मारकर उतारा मौत के घाट, गांव में फैली सनसनी
गर्भ गिराने के लिए दो से तीन बार किया दवाओं का सेवन
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि सीएचसी पर आने वाली महिलाएं पूछताछ में बताती हैं कि गर्भ गिराने के लिए दो-तीन बार दवाओं का इस्तेमाल किया। पांच फीसदी महिलाओं की जांच में संक्रमण से ट्यूब्स बंद मिले, जिससे मां बनने का सुख प्राप्त नहीं हुआ।
मामला बिगड़ने पर करना पड़ता है ऑपरेशन
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता ने बताया कि दवाओं को सही तरीके से न खाने से कई बार बच्चेदानी में कुछ मांस के टुकड़े रह जाते हैं। इससे हालत खराब होने पर अल्ट्रासाउंड कराने के बाद इनका ऑपरेशन कर इसे निकाला जाता है। ऐसे मरीजों में से कई की हालत भी गंभीर मिलती है।
रखें ख्याल
1. अनचाहे गर्भ से बचने के लिए परिवार नियोजन अपनाना बेहतर।
2. गर्भपात की दवा खानी है तो चिकित्सक से परामर्श जरूर कर लें।
3. अनचाहा गर्भ गिराने के लिए बार-बार दवाएं न खाएं।
4. रक्तस्राव बंद न हो तो बिना देर किए चिकित्सक के पास जाएं।