बड़ौत। बॉलीवुड और भोजपुरी फ़िल्म अभिनेता अली खान ने कहा कि ओटीटी प्लेटफार्म और वेब सीरीज के कारण बॉलीवुड फिल्मों की चमक कम हुई है।
दरअसल, अभिनेता अली खान दिल्ली से बड़ौत में शिव होंडा शक्ति शोरूम पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 1983 में कालका फ़िल्म से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। अली खान ने बॉलीवुड में रहम दिल जल्लाद, अग्निकाल, विश्वात्मा, खुदा गवाह, जुआरी, सरफरोश जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। अली खान कहते हैं कि उनकी लाइफ का टर्निंग प्वाइंट खुदा गवाह फ़िल्म से आया। इसके बाद सरफरोश फ़िल्म में कैप्टन सफी की भूमिका को भी लोगों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा उन्होंने हमार मदर इंडिया, रसीली तोहार, दुल्हन चाही पाकिस्तान से-2 जैसी भोजपुरी फ़िल्म में भी काम किया है।
डीडी नेशनल पर प्रसारित होने वाले डिटेक्टिव करण सीरियल, कुमकुम: प्यारा सा बंधन में भी उन्होंने शानदार अभिनय किया है। 2017 में उन्हें शानदार विलेन अभिनय के लिए टीआईआईएफए अवार्ड और 2019 में दादा साहेब फाल्के फ़िल्म यात्रा अवार्ड से नवाजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह दौर तसव्वुर का दौर है। न तो अब पहले जैसी बात रही है और न ही माहौल। अब बॉलीवुड से ज्यादा साउथ की फिल्में ऊँचाई पर हैं, उनकी टीआरपी ज्यादा है। रही सही कसर ओटीटी प्लेटफार्म और वेब सीरीज ने खत्म कर दी है। हर किसी के मोबाइल में नई रिलीज होती है, सिनेमा जाने का समय ही नहीं हैं।। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में खुद को खोती जा रही है। जरूरी है कि नशा छोड़ उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाएं। इस दौरान अरुण तोमर उर्फ बॉबी, श्रवण तोमर, दीपक कुमार, अर्शदीप तोमर, सम्राट, हैप्पी पंवार आदि मौजूद रहे।