बड़ौत कोतवाली में कार्रवाई की मांग करते लोयन गांव के ग्रामीण
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। चार बदमाशों ने बड़ौत से मलकपुर जा रहे बाइक सवार युवक को रोक लिया और उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने उससे 18 ग्राम की सोने की चेन लूट ली, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान फायर भी किया। खेतों में ग्रामीण दौड़े तो बदमाश वहां से भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पुलिस का घेराव किया।
लूटपाट का शिकार हुआ युवक विकास तोमर पुत्र ओमपाल लोयन गांव का रहने वाला है। वह किसी काम से देर शाम बड़ौत आया था और घटना के वक्त वह अपने गांव लौट रहा था। गांव नजदीक उसे चार बदमाशों ने रोक लिया और असलहा के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। फायर और विकास की चीख पुकार सुनकर खेतों में सिंचाई कर रहे ग्रामीण उधर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच लिया और उसकी पिटाई की। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पकड़े गए बदमाश को लेकर ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। मामला आपसी कहासुनी व मारपीट का लग रहा है, लूट जैसी बात नहीं है, फिर भी जांच की जा रही है।