बागपत। बड़ौत और छपरौली के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए कंप्यूटर लैब बनाई जाएगी। जिसकी स्थापना के लिए राज्य परियोजना की तरफ से दस लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है।
जल्द ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा भी दी जाएगी। जिसमें छपरौली और बड़ौत में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राएं कंप्यूटर व प्रोजेक्टर से पढ़ाई करेंगी। जिसे धरातल पर उतारने व दोनों विद्यालयों में पढ़ने वाली 200 छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए शासन से 10 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक डॉ. संगीता शर्मा ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत आवासीय विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक छात्राओं को आवासीय सुविधा के साथ निशुल्क ड्रेस, भोजन, पाठ्य पुस्तक देकर पढ़ाया जाता है। बालिकाओं को शिक्षित करने के साथ तकनीकी शिक्षा में माहिर कर कर रोजगार परक शिक्षा देने के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित की जाएगी। जिसमें दोनों विद्यालयों में पांच-पांच कंप्यूटर, वाईफाई व अन्य व्यवस्था कराई जाएगी।
समिति करेगी सामानों की खरीदारी
सामग्री की खरीद के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में जिला स्तर पर समिति गठित होगी। इसमें सीडीओ अध्यक्ष, बीएसए संयोजक, जिला सूचना अधिकारी, सहायक वित्त व लेखाधिकारी, डीएम की ओर से नामित वाह्य तकनीकी विशेषज्ञ, डीएम से नामित एक अधिकारी, जिला समन्वय बालिका शिक्षा होंगे।