संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पांच छह युवकों ने एक ट्रैक्टर चालक से एक लाख 26 हजार रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने थाने में शिकायत कर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गाजियाबाद जनपद के मंडोला गांव निवासी इकरार ट्रैक्टर से लोनी दिल्ली में ईंटों की ढुलाई करता है। इकरार ने थाने में शिकायत कर बताया कि वह मंगलवार सुबह दिल्ली से ईंट उतारकर वापस खेकड़ा आ रहा था। पाठशाला बस स्टैंड के पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्रैक्टर को रोककर वह होटल पर खाना खाने लगा, तभी टेंपो में सवार पांच छह युवक होटल पर पहुंचे और उसके साथ अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर उससे एक लाख 25 हजार 400 रुपये लूट लिए और मारपीट कर भाग गए। पीड़िता ने बताया कि वह ईंटों के रुपये लाया था, जिनको आरोपी ले गए। घायल ने पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की। सीओ प्रीता सिंह का कहना है कि मामला लूट की जगह आपसी रंजिश का लग रहा है। जांच कराकर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।