बड़ौत। मकान के फर्जी कागजात तैयार कर नगर के एक व्यक्ति से लाखों रुपये हड़पने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित रोहित पुत्र रामवतार गोयल निवासी मंडी आनंद गंज बड़ौत ने बताया कि वकीला पत्नी राशीद त्यागी, राशीद त्यागी पुत्र इब्राहिम व सावेज त्यागी पुत्र राशीद त्यागी निवासी निवासी औढापुर ने धोखाधड़ी करके मकान के फर्जी कागजात तैयार किए थे। उसके बाद मकान का बैनामा करके 22 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए थे। रोहित ने बताया कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ वाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर बड़ौत कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। बड़ौत पुलिस ने एक आरोपी राशीद त्यागी पुत्र इब्राहिम त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।