तिलपनी के जंगल में गोकशी करते एक पकड़ा, पांच भागे
बागपत, अमीनगर सराय। क्षेत्र के लुहारा तिलपनी गांव में शुक्रवार रात गोकशी कर दी गई। जिसकी सूचना पर पुलिस ने गोकशी करने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि पांच गोकश भाग गए। पुलिस ने गोकशी के आरोपी से दो क्विंटल गोमांस व उपकरण बरामद किए।
तिलपनी गांव के जंगल में शुक्रवार रात गोकशी किए जाने की सूचना पर पुलिस ने गोकशों को घेर लिया। आरोपी खेत में घुस गए। सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि घेराबंदी के बाद गोकशी करने के एक आरोपी नौशाद निवासी तिलपनी को पकड़ लिया, जबकि आस मोहम्मद, राजा उर्फ राजुद्दीन निवासी तिलपनी व तालिम निवासी मुजफ्फरनगर व दो अज्ञात भाग गए। पकड़े गए गोकशी के आरोपी नौशाद के पास से गोकशी के उपकरण व करीब दो कुंतल मांस बरामद किया। पशु चिकित्सकों को बुलाकर जांच कराई तो मांस गोवंश का निकला। पुलिस ने गोमांस को गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया गया।
सीओ ने बताया कि गोकशी के मामले में चार नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि तिलपनी व लुहारा के जंगल में कई बार गोकशी की शिकायत मिल रही थी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।