सीसीएसयू शनिवार तक जारी करेगा दूसरी कटऑफ, सोमवार से पोर्टल पर हुई गलती में सुधार का मिलेगा मौका
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के पोर्टल की खामी दूर होने पर बुधवार को कॉलेजों में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं की भीड़ लग गई। एडेड कॉलेजों में अभ्यर्थियों की संख्या देख पाठ्यक्रम के हिसाब से अलग-अलग कक्षों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई। शनिवार को विवि दूसरी कटऑफ जारी करेगा। सोमवार से अभ्यर्थी को आवेदन की गलतियां सही करने का मौका मिलेगा।
विवि पोर्टल से ऑफर लेटर डाउनलोड नहीं होने की वजह से मंगलवार को एडेड कॉलेजों में दाखिला नहीं हो सके। इंजीनियरों ने खामी को दूर कर दिया, जिसकी वजह से बुधवार सुबह से कटऑफ में स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ऑफर लेटर डाउनलोड करके अपने-अपने आवंटित कॉलेजों में दाखिला लेने पहुंचे। इस वजह से सुबह 10 बजे से कॉलेजों में दाखिला लेने वालों की भीड़ रही। विवि के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को 15144 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया। उन्होंने बताया कि शनिवार तक कॉलेजों के स्नातक में प्रवेश की दूसरी कटऑफ जारी कर देगा। सोमवार को आवेदन के समय हुई गलतियों में सुधार के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। अभ्यर्थी ऑनलाइन गलती सुधार करेंगे और फिर इनका सीधे प्रवेश हो सकेगा।
हर हाल में स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम 10 अगस्त तक जारी करने का आदेश
प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश ने 27 जुलाई को निर्देश दिए हैं कि बीएड प्रवेश परीक्षा-2023 की काउंसिलिंग के चलते स्नातक अंतिम सेमेस्टर या वर्ष के परीक्षा परिणाम प्रत्येक दशा में 10 अगस्त तक घोषित करने हैं। इसके चलते परीक्षा नियंत्रक ने कॉलेजों के प्राचार्यों से कहा है कि आंतरिक, प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षा के अंक पोर्टल पर हर हाल में तीन दिन में अपलोड कर दें। अंक की दो प्रतियां विवि में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यदि आंतरिक, प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षा के अंकों के अभाव में किसी छात्र-छात्रा का परिणाम घोषित नहीं होता है या छात्र 2023-25 की काउंसिलिंग में सम्मिलित नहीं हो पाता है तो इसका दायित्व संबंधित काॅलेज प्राचार्य का होगा।
बीए बीएड व बीएलए की प्रयोगात्मक परीक्षा का आदेश वापस
बीए बीएड व बीएलए पाठ्यक्रम में चतुर्थ वर्ष में ही प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाएं निर्धारित हैं। अधिकृत एजेंसी द्वारा त्रुटिपूर्ण डाटा उपलब्ध कराने के कारण प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के लिए भी परीक्षकों की सूची संबंधित कॉलेजों को प्रेषित कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा है कि बीए बीएड व बीएलए पाठ्यक्रम की प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाओं के लिए त्रुटिवश जारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के परीक्षकों की सूची निरस्त कर दी है। प्राचार्य नामित परीक्षकों से चतुर्थ वर्ष की प्रयोगात्मक मौखिक परीक्षा कराकर अंक पोर्टल पर अपलोड करके दो प्रतियां विवि को उपलब्ध कराएं।