बागपत। जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को प्लेटलेट्स की व्यवस्था मेरठ से कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग मरीजों को मेरठ से पीएल शर्मा अस्पताल स्थित ब्लड बैंक से प्लेटलेट्स उपलब्ध कराएगा।
डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जिला अस्पताल में डेंगू डेडिकेटिड अस्पताल बनाया जा रहा है। जिले में ब्लड सेपरेशन यूनिट न होने के कारण डेंगू के मरीजों की प्लेटलेट्स कम होने पर उन्हें मेरठ या दिल्ली के लिए रेफर कर दिया जाता है। अब मरीजों को जिला अस्पताल में ही प्लेटलेट्स की व्यवस्था कराई जाएगी। मरीजों में प्लेटलेट्स की कमी होने पर रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मरीजों को मेरठ के पीएल शर्मा अस्पताल के ब्लड बैंक से प्लेटलेट्स की व्यवस्था कराई जाएगी। मंगलवार को ब्लड बैंक प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने के लिए सहमति दे दी है।
प्लेटलेट्स की जरूरत पड़ने पर मरीजों को जिला अस्पताल में ही प्लेटलेट्स की व्यवस्था कराई जाएगी। पीएल शर्मा अस्पताल के ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स उपलब्ध हैं। ब्लड बैंक प्रभारी ने मरीज आने पर प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने पर सहमति दे दी है।- डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ