दोघट। कुख्यात सुनील राठी की मां राजबाला चौधरी और भाई अरविंद राठी के खिलाफ प्रशासन ने जिला बदर की कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि निकाय चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी राजकमल यादव के अनुसार कस्बा टीकरी में नगर निकाय चुनाव शांति पूर्ण कराने के लिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत ही प्रदेश माफिया कुख्यात सुनील राठी की मां व पूर्व चेयरमैन राजबाला चौधरी और भाई अरविंद राठी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। उनको छह महीने के लिए जिलाबदर किया गया है। बताया कि यदि दोनों में कोई भी कस्बा टीकरी में दिखाई दिया तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इससे पहले 22 अप्रैल को दोघट थाने के उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार ने कुख्यात सुनील राठी की मां राजबाला, पत्नी दीपाली, सचिन खोखर, जमानतियों सूरजवीर, देवेंद्र, राजस्व विभाग की टीम पर धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से कई मुकदमा में जमानत लेने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें सभी आरोपी अभी फरार चल रहे है।