बागपत। उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरीपुर का हवाई निरीक्षण करने पर बीईओ को नोटिस जारी किया गया है। क्योंकि उनके निरीक्षण के दौरान भी स्कूल में पंखे नहीं चल रहे थे और उन्होंने सबकुछ ठीक बताया हुआ था। शुक्रवार को स्कूल के पंखों के कनेक्शन कराकर चालू करा दिए गए।
विद्यालय में बिजली की लाइन होने के बावजूद कक्षों के पंखों के कनेक्शन न कराने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी कीर्ति ने स्कूल की प्रभारी मुख्य अध्यापिका सुनीता को निलंबित कर दिया था। जबकि 15 अप्रैल को बीईओ बागपत पुष्पेंद्र कुमार ने भी विद्यालय का निरीक्षण किया था।
बीईओ भी बिना पंखों की जांच किए वापस लौट आए थे। बीईओ के हवाई निरीक्षण पर उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला समन्वयक निर्माण सौरव शुक्ला ने बताया कि स्कूल में पंखे न चलाने से लेकर बीईओ के निरीक्षण की जांच की जा रही है। विभाग की ओर से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।