प्रो कबड़ड़ी सीजन 9 में चयनित ग्राम फखरपुर का खिलाड़ी विजय कुमार
- फोटो : KAHKRA
बड़ौत/खेकड़ा (बागपत)। प्रो-कबड्डी लीग सीजन-9 के लिए यूपी योद्धा टीम ने मलकपुर गांव के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर को 20 लाख में खरीदा है। इस सूचना पर ग्रामीणों और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। उधर, खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम फखरपुर निवासी खिलाड़ी विजय कुमार प्रो कबड्डी सीजन-9 में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाएंगे। विजय को तेलुगू टाइटन्स टीम ने 10 लाख रुपये की बोली तय कर चयनित किया है।
मलकपुर गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नितिन तोमर बचपन से ही कबड्डी के शौकीन रहे हैं। पहले स्कूल, फिर जिला और प्रदेश व देश का प्रतिनिधित्व किया। 2016 में अहमदाबाद में ईरान के साथ खेले गए वर्ल्ड कप में नितिन ने शानदार प्रदर्शन से विपक्षी टीम को चित किया और देश को जीत दिलाई। नितिन इसे अपने जीवन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मानते हैं। प्रो कबड्डी लीग सीजन-9 में यूपी योद्धा टीम ने नितिन तोमर को 20 लाख में बोली गई है। इस सूचना पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
उधर, खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम फखरपुर और बसी के खिलाड़ी अपने खेल की छाप देश और विदेश में छोड़ चुके हैं। प्रो कबड्डी में भी फखरपुर के खिलाड़ी श्रीकांत तेवतिया और सुनील कुमार भी अपनी प्रतिभा के जौहर दिखा चुके हैं। इस बार सीजन-9 में फखरपुर के रहने वाला खिलाड़ी विजय कुमार का चयन तेलुगू टाइटन्स में 10 लाख की बोली पर हुआ है। इससे उसके परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर हैं। विजय के कोच रहे आरपीएफ के तेजपाल सिंह और यूपी कबड्डी संघ के सचिव सतेंद्र नैन ने बताया कि विजय का पांचवीं बार चयन हुआ है। उसके चयन से फखरपुर समेत जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बागपत : मलकपुर गांव के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर।- फोटो : BARAUT