बागपत। शहर के कोर्ट रोड़ पर न्यू लाइफ हेल्थ केयर सेंटर स्वास्थ्य विभाग की बिना अनुमति चलाया जा रहा था। जिसमें झाेलाछाप विभाग के नोडल अधिकारी ने छापामारी कर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
सरूरपुरकलां सीएचसी अधीक्षक डा. सत्येंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि 28 अगस्त को उन्होंने डाॅ़ कुमार अभिषेक के साथ कोर्ट रोड पर न्यू लाइफ हेल्थ केयर सेंटर पर का निरीक्षण किया। जहां स्टाफ नर्स और एक व्यक्ति मिला। स्टाफ नर्स और व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी काम बंद होने की जानकारी दी। जबकि सेंटर में ऑपरेशन थियेटर स्थापित मिला। साथ ही केबिन में न्यू लाइफ हेल्थ केयर सेंटर के पर्चे पर दवाइयां लिखी हुई मिली।
इसके अलावा भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, वार्ड में सात बेड, प्रसव कक्ष में प्रसव टेबल, ऑक्सीजन सिलिंडर भी मिले। जांच में पता चला कि सेंटर पर अवैध तरीके से ओपीडी, सिजेरियन प्रसव कार्य के साथ प्रतिबंधित दवाइयों का प्रयोग किया जा रहा रहा है। इस मामले में सीओ विजय चौधरी का कहना है कि तहरीर मिलने पर संचालक कपिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-
बंद करने का शपथ पत्र देने के बाद भी चलाया
डाॅ. सत्येंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि मई माह में निरीक्षण कर संचालक काे कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया था। जिसके पास सीएमओ कार्यालय में क्लीनिक संचालन का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। जिसके संचालक ने मई माह में क्लीनिक बंद करने का शपथपत्र दिया, लेकिन इसके बाद भी संचालन जारी रखा।