खट्टा प्रहलादपुर में आईटीआई अभी तक नहीं बनी
खट्टा प्रहलादपुर में 10 कीरोड़ रुपये से आईटीआई का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण पिछले कई साल से चल रहा है और पिछले साल ही निर्माण पूरा होना था। लेकिन इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका। जिससे विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा के लिए खेकड़ा या अन्य जगह जाना पड़ता है।
पाबला में महिला कालेज का निर्माण लटका
पाबला गांव में महिला डिग्री कालेज का 10 करोड़ की लागत से निर्माण हो रहा है, जो अधूरा पड़ा है। कालेज का निर्माण होने से छात्राओं को गांव में शिक्षा की सुविधा मिलेगी। इसलिए ही निर्माण तेजी से कराने की बात कही जाती है, लेकिन अभी जल्द इसका निर्माण नहीं होता दिख रहा है।
मीतली में स्टेडियम निर्माण अधूरा पड़ा
मीतली में तीन करोड़ से इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। जिसके पूरा होने से आसपास के गांवों के खिलाडिय़ों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। चुनाव के बाद इसमें तेजी आने की बात कही जा रही थी, लेकिन यह भी अभी तक पूरा नहीं हो सका।
डौला में सीएचसी शुरू नहीं हुई
डौला में सीएचसी के भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी शुरु कराने के लिए एस्टीमेट भी तैयार कर लिया है। लेकिन स्टाफ नहीं मिलने के कारण सीएचसी भी शुरू नहीं हो सकी है। जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही है।
यूनिवर्सिटी बनने का मामला फाइलों में लटका
बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कालेज को यूनिवर्सिटी बनाने के लिए कई साल से प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए प्रक्रिया भी शुरू की गई और हर बार जल्द ही कालेज को यूनिवर्सिटी बनावाए जाने का वादा किया जाता है। लेकिन यह मामला भी फाइलों में लटका पड़ा है।
इंटर कालेज में पढने का सपना अधूरा
राजकीय इंटर कालेज सिंघावली अहीर के निर्माण को 4 करोड़ 18 लाख रुपये का बजट वर्ष 2019 में मंजूर हुआ था। इसके लिए आधा बजट जारी हुआ था और इसका निर्माण अधूरा पड़ा है। इस तरह की स्थिति बिलौचपुरा के इंटर कालेज की है। उसके लिए भी इतना ही बजट पास हुआ है और वहां भी आधा कार्य हो सका। इस तरह इंटर कालेज में पढने का सपना अभी अधूरा है।
प्रदेश में दूसरी बार भाजपा सरकार बनने पर विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे है। जितने भी वादे किए गए है, वह सभी पूरे होंगे। उनमें मिल का विस्तारीकरण, चमरावल रोड का चौड़ीकरण, बस अड्डे का निर्माण सभी शामिल है।
-योगेश धामा, विधायक बागपत
भाजपा सरकार में जितने कार्य हुए है, उतने कार्य कभी नहीं हुए। अब दूसरी बार सरकार बनने के बाद भी तेजी से कार्य कराए जा रहे है और सभी कार्य पूरे होंगे।
-केपी मलिक, राज्यमंत्री
दुड़भा गांव में बस अड्डे के लिए चिन्हित जगह