पड़ोसियों पर लाखों की पुुआल जलाने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। क्षेत्र के बड़ागांव में रविवार रात भूसा व्यापारी की पुआल में गांव के ही लोगों ने रंजिश के चलते आग लगा दी। इससे करीब 16 लाख रुपये की पुआल जलकर नष्ट हो गई। जानकारी पाकर फायरकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों मशक्कत करके आग पर काबू पाया। पीड़ित ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ रंजिशन पुआल जलाने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी।
क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सलमान धान की पुआल का थ्रेसिंग मशीन से भूसा बनाकर बागपत, लोनी, शाहदरा और गाजियाबाद आदि स्थानों पर बेचता है। उसने कुछ दिन पूर्व धान उत्पादक किसानों से करीब 500 बीघा की पुआल खरीदकर गांव के जंगल में ढेर लगा रखे थे। सोमवार को सलमान ने परिजनों संग थाने में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर तहरीर दी।
इसमें आरोप लगाया कि गांव के एक परिवार के चार-पांच लोग उससे रंजिश रखते हैं। रविवार रात उन्होंने पुआल में आग लगा दी। उन्होंने खेकड़ा फायर स्टेशन पर फोन करके जानकारी दी। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत करके आग पर काबू पाया। उनकी करीब 16 लाख रुपये की पुआल जलकर नष्ट हो चुकी थी। पंद्रह दिन पूर्व भी आरोपियों ने उनके परिजन के सकीजान की करीब 10 लाख रुपये कीमत की पुआल जला दी थी। हालांकि पुलिस ने तब भी कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, सीओ विजय चौधरी का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच कराकर दोषी पाए जाने पर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।