कांवड़ियों के रंग में रंगे मुस्लिम, कर रहे कांवड़ियों की सेवा
बड़ौत। कांवड़ मार्ग पर धार्मिक सौहार्द की मिसाल भी पेश की जा रही है। मुस्लिम समाज के लोग कांवड़ियों की सेवा कर रहे हैं। कांवड़ियों को पानी, कोल्डड्रिंक्स पिलाने से लेकर उनकी हर तरह की मदद मुस्लिम समाज के लोग कर रहे हैं।
यह नजारा बिजरौल गांव में कांवड़ मार्ग पर दिखाई दे रहा है। बिजरौल गांव के काफी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शनिवार को गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर हरिद्वार की ओर से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों को हाथ जोड़कर उन्हें कोल्डड्रिंक्स देते नजर आए। लोग फल वितरण से लेकर कांवड़ियों को आगे जाने का रास्ता भी बता रहे हैं। कांवड़ मेले में मुस्लिम समुदाय के लोग कांवड़ियों की सेवा में बढ़ चढ़ कर भाग ले रहे हैं। समाज के लोगों का कहना था कि हमें कांवड़ियों की सेवा करने में बहुत सुकून मिलता है। इस दौरान मोहम्मद ताहिर, मोमीन, हाजी जब्बार, सनव्वर, सुबेदीन, मोहम्मद वसीम, हाफिज इमरान, हाजी हनीफ, मदन, कालू आदि मौजूद रहे।
अनोखी मन्नत मांगकर उठाई कांवड़
बड़ौत। मलकपुर गांव की गली को कीचड़ मुक्त कराने और शाहमल स्टेडियम में कोच नियुक्ति की मांग को लेकर हिलवाड़ी गांव का रहने वाले समाजसेवी अंकुश भी हरिद्वार कांवड़ लेकर आ रहे हैं। अंकुश का कहना है कि कई साल से न तो मलकपुर गांव में जलभराव की समस्या दूर हो रही है और न ही बाबा शाहमल स्टेडियम में कोच की नियुक्त हो रही है। जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, अब बाबा भोलेनाथ से ही आस है।