शुरू नहीं हो सके सौ से अधिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
बागपत। सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) की कमी के कारण जिले मे सौ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू नहीं हो पाए हैं। जिले में चल रहे 206 सब सेंटर में से 105 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू हो सके हैं।
लोगों को गांव में स्वास्थ्य विभाग के सब सेंटर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध मिलें, इसके लिए सब सेंटरों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में अपग्रेड करने की योजना तैयार की गई थी। जिले में 206 सबसेंटर को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू करने की तैयारी की गई। इनमें से 105 सब सेंटर को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड कर दिया गया है। जिले में सीएचओ के अभाव में 101 सब सेंटर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड नहीं हो पाए हैं। इन सब सेंटर पर एएनएम के माध्यम से लोगों को दवाईयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डीसीपीएम (जिला कम्यूनिटी प्रोग्राम प्रबंधक) नौशाद ने बताया कि जिले को वर्ष 2018-19 में 20, 2019-20 में 33 और 2020-21 में 52 और 2021-22 में 99 सब सेंटर को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड करने की येाजना तैयार की गई थी। पिछले चार साल में शासन स्तर से विभाग को 105 सीएचओ मिले हैं।
सीएचओ के अभाव में नहीं शुरू हुए सेंटर
जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रमोद कुमार का कहना है कि जिले में 105 सीएचओ तैनात हैं। सीएचओ के अभाव में 206 सब सेंटरों में से 105 सेंटरों का ही संचालन हो पाया है। जिले को सीएचओ मिलने पर अन्य सब सेंटरों को अपग्रेड किया जाएगा।