ब्लड रिलेशन का बैनामा कराने मेें तहसील में उमड़ी भीड़, आपस में धक्का-मुक्की भी हुई
आज है अंतिम दिन, पूरे दिन लगी रहती है भीड़
बड़ौत। ब्लड रिलेशन का बैनामा कराने को लेकर जनपद की तीनों तहसीलों मेें भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरे-पूरे दिन लोग तहसील में स्थित रजिस्ट्री कार्यालयों के आसपास बैठे रहते हैं। ब्लड रिलेशन का बैनामा कराने के लिए मात्र एक दिन शेष है। अब तक छह माह में हजारों बैनामा कराने से करोड़ा का राजस्व भी वसूला गया है।
यूपी सरकार ने गत 18 जून को ब्लड रिलेशन का बैनाम कराने के लिए स्टांप शुल्क की छूट देने की घोषणा की थी। मात्र 5000 हजार के स्टांप पर बैनामा कराने की घोषणा की गई थी। विभागीय रिकार्ड के अनुसार शुक्रवार तक जनपद की बागपत, खेकड़ा व बड़ौत तहसील में पिछलें छह माह में लगभग 2470 बैनामा हो चुके हैं। जिनसे लगभग 1.23 करोड का राजस्व वसूला जा चुका है। शनिवार को इस छूट का अंतिम दिन है। जिस कारण पिछले दो-तीन दिनों से तीनों ही तहसीलों में भारी भरकम भीड़ उमड़ रही है।
रजिस्ट्री कार्यालय खुलने से पहले ही लोग तहसील पहुंच जाते हैं और पूरे दिन भीड़ लगी रहती है। इस दौरान पहला बैनामा कराने को लेकर लोगों व अधिवक्ताओं मे आपसी कहासुनी भी हो रही है। तहसील स्थित सब-रजिस्ट्रर रामदेव ने बताया कि सरकार के फैसले के बाद परिवार के अंदर माता-पिता, पति-पत्नी, पुत्र-पुत्री, पुत्रवधू, दामाद, भाई, बहन, नाती-पोते आदि बैनामा कराने आ रहे हैं। बताया कि शनिवार को इस छूट का अंतिम दिन है। इसलिए भी भीड़ उमड़ रही है।
ये है छह माह का रिकार्ड
तहसील का नाम बैनामों की संख्या
बड़ौत 1200
बागपत 800
खेकड़ा 470