बागपत। बूढ़पुर गांव के जंगल में बाइक सवार बदमाशों ने तीन मजदूरों से मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद भाग रहे तीन लुटेरों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने उनसे लूटा हुआ मोबाइल व मुजफ्फरनगर से चोरी की गई बाइक बरामद की।
बूढ़पुर के निवासी विकास तोमर ने बताया कि मजदूर प्रवीण, आकाश व विनोद रविवार को खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन लूटने के बाद भागने लगे। शोर मचाने पर तीनों लुटेरों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी मदनपाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे गौरव शर्मा, दिनेश निवासीगण भारसी व हर्षित कुमार भभीसा जिला शामली से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया। उनसे मुजफ्फरनगर से चोरी की गई बाइक भी बरामद की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। संवाद