बागपत। आठ महीने पहले क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग को पुलिस ने बरामद कर लिया, जो डॉक्टरी में गर्भवती निकली। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। वहीं नाबालिग ने युवक से शादी करने की बात भी कही। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग के न्यायालय में बयान दर्ज कराए। इसके बावजूद नाबालिग किशोरी आरोपी को छुड़ाने के लिए कोतवाली में भटकती रही।
क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने मई 2023 में कोतवाली में नाबालिग बेटी के लापता होने का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने चार दिन पहले नाबालिग को बरामद करते हुए असारा गांव के एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने नाबालिग की डॉक्टरी कराई तो वह कई महीने की गर्भवती निकली। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाने की बात कही।
उधर नाबालिग बृहस्पतिवार को दिनभर कोतवाली के बाहर भटकती रही और युवक से शादी करने का हवाला देकर पुलिस ने उसे छोड़ने की गुहार लगाती रही। इस मामले में एएसपी एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। नाबालिग के गर्भवती निकलने पर दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।