बड़ौत। शहर की सरकार चुनने के लिए बृहस्पतिवार को मंत्री और विधायक ने भी मतदान किया। साथ ही प्रत्याशी भी अपने लिए वोट डालने पहुंचे।
बागपत में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चौहान ने मत का इस्तेमाल कर कहा कि लोकतंत्र में सभी को समान अधिकार है। क्षेत्र के विकास के मत का इस्तेमाल जरूरी है। पूर्व चेयरमैन राजूद्दीन ने अपने मत का इस्तेमाल कर लोगों से वोट डालने की अपील की। उन्होंने लोगों को पालिका के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए अपने मत का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। बागपत नगर पालिका से कांग्रेस प्रत्याशी जाहिद आढ़ती ने मतदान कर लोगों को अपने मत का इस्तेमाल करने की अपील की। आम आदमी प्रत्याशी जाहिद कुरैशी ने मतदान कर कहा कि पालिका के विकास के लिए अपने मत का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। छपरौली विधायक डॉ़ अजय कुमार ने ग्रोवेल स्कूल खत्री गढ़ी में बने मतदान केंद्र पर मतदान किया। राज्यमंत्री केपी मलिक ने अपनी पत्नी सरला मलिक और बेटे के साथ बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। नगरपालिका बड़ौत में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही रालोद प्रत्याशी बबीता तोमर अपने पति अश्वनी तोमर के साथ श्री महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में बूथ पर पहुंचकर वोट किया। उन्होंने कहा कि सभी को वोट डालने का अधिकार है। लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।