- कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी के साथ ही अधिकारी मौजूद रहेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में जिस तरह से उद्यमियों ने निवेश किया है, उससे हर कोई उत्साहित है। बागपत छोटा जिला होने के बावजूद यहां 17 हजार 600 करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। उद्यमियों को किसी तरह की समस्या न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है और पहले प्रशासनिक अधिकारी तो अब प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी यहां उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे।
बागपत में पिछले महीने इन्वेस्टर्स समिट हुई तो 91 उद्यमियों ने 7096 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया था। तब यह माना जा रहा था कि इसमें ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। लेकिन उसके बाद भी उद्यमियों ने खूब रुचि दिखाई और यहां पिछले सप्ताह तक निवेश 17 हजार 600 करोड़ पार कर गया। बागपत निवेश में प्रदेश में 29वें स्थान पर है। यहां निवेश प्रस्ताव जरूर आए हैं, लेकिन जमीन नहीं मिलने समेत अन्य काफी समस्याएं है। उद्यमियों की इन समस्याओं को सुनने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी शनिवार दोपहर को आएंगे। वह कलक्ट्रेट सभागार में दोपहर दो बजे उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे, जहां सभी अधिकारी भी मौजूद होंगे।
निवेश के साथ ही बढ़ रही रोजगार की संभावनाएं
यहां निवेश के प्रस्ताव लगातार मिल रहे हैं और इसका कारण अपराध का कम होना व नेशनल हाईवे व एक्सप्रेस-वे से जिले का जुड़ना भी माना जा रहा है। वहीं जिस तरह से निवेश बढ़ता जा रहा है, उससे यहां रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ती जा रही हैं। यहां अभी तक हुए निवेश से माना जा रहा है कि 50 हजार से ज्यादा को रोजगार मिलेगा।